Saturday, July 4, 2026
Bastar Division

पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती का दंतेवाड़ा में भव्य स्वागत, किसानों और समाज के प्रति समर्पण को सराहा गया

इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा।

पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किए जाने के बाद दंतेवाड़ा की माटी की बेटी और ख्यातिलब्ध समाज सेविका डॉ. बुधरी ताती का जिले में आगमन पर उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इसी क्रम में ‘क्षीर सागर दुग्ध सहकारी समिति मर्यादित’ दंतेवाड़ा में किसानों, समिति के पदाधिकारियों और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों द्वारा डॉ. ताती का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत सत्कार किया गया।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए समिति के उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने डॉ. बुधरी ताती के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डॉ. ताती ने अपने बाल्यकाल से ही पिछड़े और वंचित आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है।

निर्धन और जरूरतमंदों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और कुछ कर गुजरने की ललक आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। इस राष्ट्रीय सम्मान ने न केवल दंतेवाड़ा जिले को, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

 वर्तमान में ‘क्षीर सागर दुग्ध सहकारी समिति’ की अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहीं पद्मश्री डॉ. ताती ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि समाज और जनता के अपार प्यार, आशीर्वाद और सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने क्षीर सागर दुग्ध सहकारी समिति की

बदहाल स्थिति को याद करते हुए कहा, “जब मुझे अध्यक्ष के रूप में इसका संचालन सौंपा गया था, तब संस्था अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रही थी। न दूध क्रय करने की क्षमता थी और न ही भंडारण की व्यवस्था। हमने इसे पुनः जीवित करने का संकल्प लिया और प्रशासनिक सहयोग से इसे खड़ा किया।”

किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए डॉ. ताती ने पूर्व संचालक के कार्यकाल में लंबित 40 लाख रुपये के भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे इस विषय को लेकर अत्यंत गंभीर हैं। मुख्यमंत्री से इस संबंध में उनकी चर्चा हुई है और शीघ्र ही किसानों को उनका बकाया भुगतान दिलाकर राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान में सीमित संसाधनों के कारण जिले के हर किसान का दूध क्रय करना कठिन हो रहा है, लेकिन जल्द ही वे पूरे जिले के गौ-पालक किसानों तक पहुँचकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगी। कार्यक्रम का संचालन समिति के प्रबंधक दिलीप सोनी ने किया इस अवसर पर समिति के सचिव दिनेश यादव उमाशंकर शुक्ला रंजीत सिंग यश जैन पद्म शंकर वासुदेव जी पूर्व जनपद अध्यक्ष गीदम सुश्री अंति वेग सहित त पशु सेवा विभाग से डाक्टर भगत पंजीयन शाखा के अधिकारी सहित तमाम गौ पालक किसान तथा कर्मचारी उपस्थित थे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *