Crime

विशेष रिपोर्ट: कोरबा की फोटो फ्रेमिंग दुकान से रायपुर के होटल तक, दीपक टंडन से जुड़े 11 साल पुराने विवादों की कहानी

विशेष रिपोर्ट | रायपुर–कोरबा | 18 नवंबर 2026

2015 का कोयला सौदा, 2020 की एफआईआर और नवंबर 2026 में चार जिलों तक पहुँचे कई प्रकरण। होटल, जमीन, लग्जरी कार, सरकारी ठेकों तथा डिजिटल न्यूज़ पोर्टल से जुड़े आरोपों की एक विस्तृत पड़ताल।

दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ छत्तीसगढ़ में सामने आए आपराधिक और आर्थिक लेन-देन के प्रकरणों की कहानी महज बीते कुछ दिनों की नहीं है। इसकी एक महत्वपूर्ण कड़ी लगभग 11 साल पुरानी बताई जाती है। साल 2015 में कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में कोयला आपूर्ति का एक सौदा हुआ। उस सौदे से जुड़ा विवाद बाद में पुलिस तक पहुँचा और नवंबर 2026 में फिर चर्चा में आ गया। इस बीच दीपक टंडन का नाम रायपुर के होटल व्यवसाय, जमीन के सौदों, महंगी गाड़ियों, सरकारी ठेकों और डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के संचालन से भी जुड़ता गया।

अलग-अलग समाचार माध्यमों में प्रकाशित पुलिस और शिकायत संबंधी विवरणों के आधार पर यह रिपोर्ट उस क्रम को समझने का प्रयास करती है, जिसमें कोरबा के पुराने कारोबारी संबंधों से लेकर रायपुर, सक्ती और बिलासपुर के विवाद सामने आए।

दीपक टंडन का परिवार मूलतः जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र के चंदनिया गाँव से जुड़ा था और बाद में कोरबा आया। कोरबा की पुरानी बस्ती के आदिले मोहल्ला क्षेत्र तथा रानी धनराज कुंवर अस्पताल के सामने फोटो फ्रेमिंग की दुकान से उनके परिवार का जुड़ाव रहा। इस दुकान के संचालन में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।

दीपक के रायपुर में होटल व्यवसाय से उनके जुड़ने का उल्लेख है। दिसंबर 2025 में प्रकाशित एक रिपोर्ट में रायपुर के एक बहुमूल्य होटल से संबंध का भी जिक्र हुआ था। दुकान से होटल तक की इस कारोबारी यात्रा को लेकर उठ रहे प्रश्नों का उत्तर संबंधित पंजीयन, कर और बैंकिंग दस्तावेजों से ही स्पष्ट हो सकता है।

दीपका के कोयला कारोबारी से सौदा

इस कहानी की पुरानी कड़ी दीपका के कोयला कारोबारी महेंद्र सिंह से जुड़ी है। 2015 के आसपास रिजेक्ट कोयले की आपूर्ति के लिए दीपक टंडन के साथ लगभग 27 लाख 90 हजार रुपये का लेन-देन हुआ। शिकायत में दावा किया गया कि रकम देने के बावजूद निर्धारित कोयला उपलब्ध नहीं कराया गया तथा वापसी के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हुए।

इस विवाद में दीपका थाने के अपराध क्रमांक 160/2020 का उल्लेख मिलता है। पुरानी रिपोर्टों में गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी भी दी गई थी। इसकी वर्तमान न्यायिक स्थिति की पुष्टि संबंधित अदालत के अभिलेख से अपेक्षित है। महत्वपूर्ण बात यह है कि 2026 में सामने आए प्रकरणों से कई साल पहले भी कोरबा से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक विवाद पुलिस के समक्ष पहुँच चुका था।

रायपुर में होटल परिसर और संपत्ति से जुड़ी शिकायत

रायपुर में होटल के संचालन के लिए लिए गए एक परिसर की लीज को लेकर भी विवाद सामने आया। डॉ. सरिता वाजपेयी की शिकायत से संबंधित प्रकाशित खबरों में लीज समाप्त होने के बाद परिसर नहीं छोड़ने, नगर निगम की सील तोड़ने और कथित धमकी देने के आरोप बताए गए हैं। इस प्रकरण में दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन का नाम है।

कोयला ठेके पर कथित लेन-देन

सक्ती के व्यापारी किशन शर्मा की शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च 2022 के दौरान शासन-प्रशासन में प्रभावशाली पहचान होने का भरोसा देकर सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ और कथित रकम वापस नहीं मिली।

रायपुर के दो अन्य शिकायतकर्ताओं, श्याम सिंह ठाकुर और विकास कुमार नागले, से SECL में सुरक्षा तथा कोयला परिवहन से जुड़े ठेके दिलाने के लिए क्रमशः 31 लाख और 25 लाख रुपये लेने के अलग आरोप भी प्रकाशित हुए। इन दो शिकायतों में बताई गई राशि का कुल योग 56 लाख रुपये है। ठेके वास्तव में उपलब्ध थे या नहीं तथा किसी आधिकारिक निविदा में भाग लिया गया था या नहीं, यह जाँच और SECL के अभिलेखों का विषय है।

जमीन, रेस्तराँ और फॉर्च्यूनर के अलग विवाद

रायपुर के कारोबारी आशीष जायसवाल की शिकायत में वीआईपी रोड के एक रेस्तराँ तथा लगभग 16,500 वर्गफुट जमीन का 1 करोड़ 16 लाख रुपये में सौदा तय होने का उल्लेख है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस सौदे में 36 लाख रुपये से अधिक रकम दी गई, लेकिन बाद में जमीन के स्वामित्व पर विवाद सामने आया।

उसी कारोबारी से फॉर्च्यूनर लीजेंडर वाहन बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने और गाड़ी नहीं देने का एक अन्य आरोप भी प्रकाशित हुआ है। जमीन-रेस्तराँ और वाहन सौदे के इस समूह को SECL ठेकों वाले 56 लाख रुपये के आरोपों से अलग समझना आवश्यक है।

डीएसपी कल्पना वर्मा विवाद

दीपक टंडन का नाम राज्य स्तर पर तब भी चर्चित हुआ, जब दिसंबर 2025 में उन्होंने पुलिस अधिकारी कल्पना वर्मा पर धन, आभूषण और वाहन लेने संबंधी गंभीर आरोप लगाए। कथित व्हाट्सऐप चैट और सीसीटीवी सामग्री सार्वजनिक चर्चा का विषय बनी।

दूसरी तरफ कल्पना वर्मा ने आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कथित डिजिटल सामग्री की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए और पारिवारिक व्यावसायिक लेन-देन के विवाद का पक्ष रखा। बाद में विभागीय जाँच और निलंबन संबंधी खबरें भी आईं।

कोरबा का पुराना विवाद

पुराने कोयला सौदे में महेंद्र सिंह के पुत्र अंकित सिंह ने 13 नवंबर 2026 को दीपका थाने में नई शिकायत दी। प्रकाशित खबरों के अनुसार, पुरानी रकम वापस माँगने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। शिकायत में जुलाई 2024 की एक घटना का भी उल्लेख बताया गया है।

इस संबंध में दीपका थाने में अपराध क्रमांक 0460/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) का उल्लेख है। यह शिकायत पुराने 27.90 लाख रुपये के लेन-देन से संबंधित बताई गई है।

AI से छेड़छाड़

एक अन्य प्रकरण डिजिटल मीडिया से जुड़ा है। खबरों के अनुसार, दीपक टंडन का नाम ‘द हनी बैजर न्यूज़’ नामक डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के संचालन से जुड़ा है। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में दी गई शिकायत में कथित रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रकाशित करने के आरोप लगे।

सिरगिट्टी थाना अपराध क्रमांक 798/2026 का उल्लेख है। 6 नवंबर को दीपक टंडन की गिरफ्तारी और पुलिस द्वारा मोबाइल फोन जब्त किया गया। डिजिटल सामग्री किसने तैयार की, किसने प्रसारित की और उसमें कथित ब्लैकमेलिंग का कोई तत्व था या नहीं, इसका निष्कर्ष डिजिटल फॉरेंसिक जाँच तथा न्यायिक कार्रवाई के बाद ही निकलेगा।

दीपक और उनकी पत्नी से संबंधित कुल आठ एफआईआर दर्ज है।रायपुर में पाँच और बिलासपुर, सक्ती तथा कोरबा में एक-एक। इसके अलावा 11 अन्य शिकायतें जाँच के अधीन है।

17 नवंबर को रायपुर न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दीपक टंडन को 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। आरोपों से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों, खातों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका की जाँच चल रही है।

छह सवाल

  1. कोरबा में प्रारंभिक व्यवसाय से रायपुर में होटल तथा दूसरी संपत्तियों तक विस्तार का वास्तविक वित्तीय आधार क्या था?
  2. होटल और जमीन की स्वामित्व संरचना, भुगतान तथा पंजीकृत लेन-देन में किन व्यक्तियों और संस्थाओं का नाम है?
  3. SECL तथा कथित सरकारी ठेकों के नाम पर ली गई रकम किन बैंक खातों में पहुँची और संबंधित निविदाओं का आधिकारिक रिकॉर्ड क्या बताता है?
  4. सरकारी अधिकारियों से कथित पहचान एवं प्रभाव के दावों का वास्तविक आधार क्या था?
  5. डिजिटल न्यूज़ पोर्टल पर विवादित सामग्री तैयार और प्रकाशित करने में किनकी भूमिका थी?
  6. साल 2020 से दर्ज प्रकरणों में क्या-क्या कार्रवाई हुई और पुराने मामलों की वर्तमान न्यायिक स्थिति क्या है?

दीपक टंडन की इस पूरी कहानी के केंद्र में एक बेहद प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के साथ कुल सात ऐसे लोगों के नाम दबी ज़ुबान से राजधानी में तैर रहे हैं। जिनकी भूमिका को लेकर पड़ताल की जा रही है। दरअसल जब भी कोई व्यक्ति लगातार प्रभावशाली लोगों के संपर्क में रहता है तो निश्चित तौर पर उसे भ्रम होने लगता है कि उसकी व्यवस्था में जुड़े लोगों की ताक़त शामिल है। यही वजह है कि जिन प्रभावशाली अफ़सरों, नेताओं और पत्रकारों के नाम दीपक के साथ जोड़ने की कोशिश हो रही है बिना तथ्यात्मक प्रमाण कोई कहने को तैयार नहीं है।

यही वजह है कि बस्तर टॉकीज यूट्यूब चैनल के प्रख्यात पत्रकार रानू तिवारी ने अपनी पोस्ट पर कहा

“भाई ये दोनों का मामला क्या है भयानक चर्चा चल रहा। इधर बस्तर तरफ़ कुछ पता ही नहीं चल रहा। कोई कोई बोल रहा है कि बड़े बड़े अधिकारी कुछ नेता और कुछ सफ़ेदपोश वरिष्ठ पत्रकारों की हालत ख़राब हुई पड़ी है इनकी गिरफ्तारी के बाद से। बता रहे हैं इनके मोबाइल से कइयों के ऐसे ऐसे वीडियो मिले हैं कि जो उनका घर तबाह करने के लिए काफ़ी हैं। कुछ वरिष्ठ पत्रकार तो बड़ा इज्ज़तदार हैं पर उनके भी अश्लील चैट मिलने की जानकारी कोई बता रहा है। अब पूरा दारोमदार हमारे रायपुर के पत्रकार भाईयों के ऊपर है कि पूरा मामला सामने लायें जिससे कि सभी सफेदपोश लोग उजागर हो सकें।सुना हूँ जमकर ब्लैकमेलिंग का खेल चल रहा था इनकी पूरी सिंडिकेट के द्वारा…”

वहीं रायपुर के RTI एक्टिविस्ट कुनाल शुक्ला ने लिखा है

“दीपक टंडन प्रकरण में कुछ पत्रकारों द्वारा ही किसी पत्रकार को कटघरे में खड़ा करना समझ से परे है। पड़ताल करना ही पत्रकारिता का काम है। खबरों की तलाश में पत्रकार को राजा से लेकर रंक तक और संत से लेकर ठग तक, हर किसी से मिलना पड़ता है, ताकि सच को सामने लाकर जनता तक पहुँचाया जा सके।

मैं अपने पत्रकार साथियों के साथ हर हाल में खड़ा हूँ। पत्रकार का काम खबर की पड़ताल करना है, न कि हर उस व्यक्ति के चरित्र का प्रमाणपत्र देना जिससे वह खबर के सिलसिले में मिलता अथवा उठता बैठता है। #kunalshukla #raipur #chhattisgarh #टंडनफ़ाईल्स #kunalshuklaofficial”

टैग: