Tuesday, July 7, 2026
Crime

बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1.07 करोड़ के गांजे के साथ यूपी का तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन जप्त

इम्पेक्ट न्यूज़।जगदलपुर।

बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत नगरनार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकाबंदी कर एक महिन्द्रा बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में अवैध गांजा जप्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जप्त गांजे की कीमत 1,07,15,000 रुपये (एक करोड़ सात लाख पंद्रह हजार रुपये) आंकी गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

मुखबिर की सूचना पर धनपुंजी नाका के पास की गई घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की महिन्द्रा पिकअप (क्रमांक UP-52-T-2094) में दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा भरकर धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास पहुंचकर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।

अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार, चालक दबोचा गया

चेकिंग के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार सफेद रंग की पिकअप आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रुकवाया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी से कूदा और चांदली (ओडिशा) के जंगलों की तरफ भाग निकला।
हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय पाण्डेय (34 वर्ष), निवासी राजेंद्र नगर पश्चिम, थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने भागने वाले अपने साथी का नाम सोनू यादव, निवासी बरगदमा, थाना गोरखनाथ (गोरखपुर, यूपी) होना स्वीकार किया।

डाला के अंदर बोरियों में छिपाकर रखा था 214 किलो गांजा

जब पुलिस टीम ने पिकअप वाहन की तलाशी ली, तो गाड़ी के डाले के अंदर 9 प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। इन बोरियों में कुल 105 पैकेट गांजा भरा हुआ था, जिसका कुल वजन 214.300 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वे इस गांजे को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।

जप्त की गई सामग्रियां:

  • मादक पदार्थ (गांजा): 214.300 किलोग्राम (कीमत करीब ₹1,07,15,000)
  • परिवहन में प्रयुक्त वाहन: महिन्द्रा बोलेरो पिकअप (कीमत करीब ₹2,50,000)
  • मोबाइल फोन: 01 नग सैमसंग कंपनी का (कीमत करीब ₹5,000)
  • नकद राशि: ₹700

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

थाना नगरनार पुलिस ने आरोपियों का कृत्य अपराध धारा 20 (ख) ii (ग) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत पाए जाने पर प्रतिबंधित माल व वाहन को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी विजय पाण्डेय को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया गया है, वहीं फरार आरोपी सोनू यादव की तलाश जारी है।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई और गांजा तस्करों को पकड़ने में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक अजय साहू, तुलसीदास कश्यप, आरक्षक दशरू नाग, विक्रम उराव, यशवंत ध्रुव, डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज और आरक्षक चालक अविनाश मांझी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *