इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा, 23 नवंबर 2026
जिले में ग्राम पंचायत सचिव के कुल 45 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला पंचायत द्वारा प्राविधिक चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अभ्यर्थी चयन सूची का अवलोकन जिला पंचायत एवं संबंधित जनपद पंचायतों के सूचना पटल सहित जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर कर सकते हैं। ग्राम पंचायत सचिव के 45 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत पात्र आवेदकों में से विज्ञापन में निर्धारित अनुपात के अनुसार एक पद के विरुद्ध 10 अभ्यर्थियों को कम्प्यूटर कौशल परीक्षा के लिए आमंत्रित किया गया। उक्त परीक्षा का आयोजन 02, 03 एवं 04 नवंबर 2026 को जिला पंचायत दंतेवाड़ा के एम.आई.एस. कक्ष में किया गया। कम्प्यूटर कौशल परीक्षा के उपरांत कार्यालय जिला पंचायत में 06 नवंबर 2026 के तहत मेरिट सूची का प्रकाशन किया गया था।
इसी मेरिट सूची के आधार पर अब प्राविधिक चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की गई है।अभ्यर्थी प्राविधिक चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का अवलोकन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दंतेवाड़ा, गीदम, कुआकोंडा एवं कटेकल्याण के सूचना पटल पर कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://dantewada.nic.in/ पर भी सूची उपलब्ध है।जारी सूची के संबंध में यदि किसी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति हो, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना लिखित आवेदन 30 नवंबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। स.क्र/1242
