मुख्य सामग्री पर जाएँ
Monday, 23 November 2026

हम खबर बनाते नहीं, बताते हैं...

ई-पेपर पढ़ें
Bastar Division

घर बैठे देख सकेंगे ई-चालान, ऑनलाइन भुगतान और रसीद की भी मिलेगी सुविधा

इम्पेक्ट न्यूज। सुकमा। फर्जी लिंक और APK फाइल से सावधान रहने विभाग ने किया आगाह

सुकमा, 23 नवम्बर 2026

वाहन चालकों को अब यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी ई-चालान की जानकारी लेने और उसका जुर्माना भरने के लिए सरकारी दफ्तरों या थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। परिवहन विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से लंबित ई-चालान देखने, उसका ऑनलाइन भुगतान करने और तत्काल रसीद प्राप्त करने की डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई है।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए वाहन स्वामियों को भारत सरकार के अधिकृत ई-चालान पोर्टल echallan.parivahan.gov.in पर जाना होगा। पोर्टल पर वाहन का विकल्प चुनने के बाद अपना पंजीयन क्रमांक और कैप्चा कोड दर्ज कर “गेट डिटेल“ पर क्लिक करना होगा, जिससे वाहन के विरुद्ध जारी सभी लंबित चालानों का विवरण स्क्रीन पर खुल जाएगा।

लंबित चालानों की सूची सामने आने के बाद वाहन स्वामी जिस चालान का निपटारा करना चाहते हैं, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स या “पे नाउ“ विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके पश्चात नेट बैंकिंग, यूपीआई और डेबिट कार्ड सहित अन्य सुरक्षित डिजिटल माध्यमों से आसानी से जुर्माने की राशि का भुगतान किया जा सकेगा।

ऑनलाइन भुगतान की इस सहूलियत के साथ ही परिवहन विभाग ने सुकमा जिले के वाहन चालकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले संदेश, संदिग्ध लिंक या ।APK फाइल पर बिल्कुल क्लिक न करें और न ही किसी अजनबी के कहने पर भुगतान करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

1,270/2026

टैग: