इम्पेक्ट न्यूज। राजनांदगांव। – जनजातीय क्षेत्रों में कृषि उत्पादकता एवं किसानों की आजीविका बढ़ाने तिलहन उत्पादन को किया जा रहा प्रोत्साहित
राजनांदगांव 19 नवम्बर 2026।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर एवं भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान हैदराबाद तेलंगाना द्वारा टीएसपी परियोजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में कृषि उत्पादकता एवं किसानों की आजीविका बढ़ाने के लिए तिलहन उत्पादन प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। टीएसपी परियोजना के तहत राजनांदगांव एवं डोंगरगांव विकासखंड में कुल 103 एकड़ क्षेत्र में सरसों एवं कुसुम की उन्नत खेती को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें 70 एकड़ में सरसों और 33 एकड़ में कुसुम की खेती की जाएगी। इस कड़ी में पंडित शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सुरगी द्वारा 17 एवं 18 नवंबर 2026 को ग्राम मलपुरी, परसबोड एवं टप्पा में किसानों को टीएसपी परियोजना के तहत सरसों एवं कुसुम का उन्नत बीज वितरित किया गया। इस अवसर पर परियोजना अन्वेषक छत्तीसगढ़ मैदानी जोन डॉ. डीपी चौधरी ने किसानों को बताया कि राज्य में तिलहन की मांग के अनुरूप उत्पादन काफी कम है।
यदि किसान वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर कम लागत में अधिक लाभ ले सकते हैं। उन्होंने परियोजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं तिलहन फसलों से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सरसों एवं कुसुम की उन्नत उत्पादन तकनीक, उन्नत किस्मों का चयन, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन एवं फसल प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया गया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि बीज उपचार से फसल में लगने वाले शुरुआती रोगों से बचाव होता है और अंकुरण भी अच्छा होता है। साथ ही किसानों को सरसों के साथ-साथ सूरजमुखी एवं अलसी जैसी अन्य तिलहन फसलों को भी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन ने किसानों को कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने किसानों से कृषि से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय के वैज्ञानिकों से संपर्क करने की अपील की। महाविद्यालय के पौध रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन तुर्रे ने तिलहनी फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों जैसे – माहू (एफिड), सफेद रोली, तुलासिता रोग एवं अल्टरनेरिया झुलसा रोग के लक्षण, पहचान एवं उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक दवाओं के साथ-साथ जैविक नियंत्रण के तरीकों को भी अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों से किसानों की खेती-किसानी से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में डॉ. महेन्द्र देशमुख, डॉ. डिकेश्वर निषाद सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ग्राम के सरपंच एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। क्रमांक 70 —————–
