मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026

हम खबर बनाते नहीं, बताते हैं...

ई-पेपर पढ़ें
Bastar Division · Health

जिले में 29 नवंबर को आयोजित होगा ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का ऐतिहासिक 100वां संस्करण

इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा। कलेक्टर कार्यालय से कारली चौक तक निकाली जाएगी साइकिल रैली, युवाओं एवं नागरिकों को दिया जाएगा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

दंतेवाड़ा, 27 नवंबर 2026

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), दंतेवाड़ा द्वारा रविवार, 29 नवंबर 2026 को ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले में विशेष साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को नियमित व्यायाम, फिटनेस, खेल भावना, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार साइकिल रैली कलेक्टर कार्यालय, दंतेवाड़ा से प्रारंभ होकर कारली चौक तक जाएगी तथा वहां से वापस कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। आयोजन में जिले के युवाओं, युवा मंडलों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण भारत के ओलंपिक आंदोलन और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के देश के संकल्प को समर्पित है।

इस विशेष आयोजन की थीम ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता पर आधारित है। साइकिल रैली के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग, खेल भावना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में प्रारंभ हुआ ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान आज देशभर में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के संदेश ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ को जन-जन तक पहुंचाना है। साइकिलिंग एक सरल, सुलभ एवं पर्यावरण अनुकूल गतिविधि है, जो शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ ही सक्रिय जीवनशैली अपनाने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देती है।

मेरा युवा भारत, दंतेवाड़ा द्वारा जिले के समस्त युवाओं एवं नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सक्रिय एवं खेलप्रेमी भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की गई है। स.क्र/1254

टैग: