इम्पेक्ट न्यूज। धमतरी। एआई (AI) आधारित प्लेटफॉर्म से सीखेंगे बिजनेस मॉडल तैयार करने, बाजार की समझ विकसित करने और प्रभावी पिचिंग के गुर
धमतरी 27 नवंबर 2026
युवाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा स्वरोजगार एवं स्टार्टअप की संभावनाओं को साकार करने के उद्देश्य से धमतरी में तीन दिवसीय उद्यमिता बूटकैंप का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (एनईएन) एवं वाधवानी फाउंडेशन के वाधवानी इग्नाइट कार्यक्रम के अंतर्गत यह बूटकैंप 28 से 30 नवंबर 2026 तक लाइवलीहुड कॉलेज, धमतरी में आयोजित होगा।
इस बूटकैंप में उद्यमिता, नवाचार और नए व्यावसायिक उपक्रम (वेंचर) स्थापित करने में रुचि रखने वाले सभी इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को केवल व्यवसाय शुरू करने की अवधारणा तक सीमित न रखकर, उनकी सोच को एक व्यावहारिक, व्यवहार्य और निवेश के लिए तैयार व्यावसायिक प्रस्ताव (वेंचर-रेडी पिच) के रूप में विकसित करने में सक्षम बनाना है।
इसके लिए प्रतिभागियों को एआई-सक्षम डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आधुनिक उद्यमिता की बारीकियों को सीखने और व्यावहारिक रूप से लागू करने का अवसर मिलेगा।
समस्या की पहचान से लेकर बिजनेस मॉडल और पिचिंग तक मिलेगा प्रशिक्षण बूटकैंप के प्रथम दिन 28 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक ओरिएंटेशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म से परिचय एवं ऑनबोर्डिंग, डिजाइन थिंकिंग और व्यावसायिक दृष्टिकोण से समस्याओं की पहचान पर सत्र होंगे। दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक संभावित ग्राहकों की पहचान तथा उत्पाद एवं सेवाओं के विक्रय से जुड़ी रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
दूसरे दिन 29 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक समस्या के समाधान की संभावनाओं, नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान और मार्केटिंग संबंधी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (एमवीपी) तैयार करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी, जिससे प्रतिभागी अपने व्यावसायिक विचार को शुरुआती उत्पाद या सेवा के रूप में विकसित करने की समझ प्राप्त कर सकें।
तीसरे एवं अंतिम दिन 30 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक बिजनेस से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं एवं व्यावसायिक मॉडल पर चर्चा होगी। इसके बाद दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक वित्तीय प्रबंधन और प्रभावी पिचिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को अपने व्यावसायिक विचार को स्पष्ट, तार्किक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। तीनों दिन दोपहर 1 से 2 बजे तक भोजनावकाश रहेगा।
विचारों को व्यावहारिक उद्यम में बदलने का अवसर यह बूटकैंप ऐसे युवाओं, नवाचारकर्ताओं और भावी उद्यमियों के लिए उपयोगी होगा, जो अपने आसपास की समस्याओं में व्यावसायिक अवसर तलाशना चाहते हैं तथा अपने विचारों को रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना चाहते हैं। प्रशिक्षण के दौरान बाजार की मांग को समझने, ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित करने, शुरुआती उत्पाद तैयार करने, वित्तीय योजना बनाने और अपने उद्यम की प्रभावी प्रस्तुति देने जैसे महत्वपूर्ण कौशलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिले में उद्यमिता और नवाचार के अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में यह पहल युवाओं को पारंपरिक रोजगार विकल्पों से आगे बढ़कर स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी। इच्छुक प्रतिभागी 28, 29 और 30 नवंबर को लाइवलीहुड कॉलेज, धमतरी में आयोजित इस बूटकैंप में शामिल होकर सीखने, प्रयोग करने और अपने व्यावसायिक विचारों को नई दिशा देने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। क्रमांक-166/1431/पाराशर
