रायपुर, 23 नवंबर।
राजधानी में धोखाधड़ी, मारपीट और प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री से जुड़े तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। राजेंद्र नगर और तेलीबांधा थाने में दर्ज मामलों में पुलिस ने अपराध कायम कर जांच शुरू की है।
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के गोल्डन टावर अमलीडीह निवासी भावना चांदानी ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें एक वाट्सऐप समूह में जोड़कर शेयर बाजार में पैसा लगाने पर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने बताए गए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख 89 हजार 100 रुपये जमा करा लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने पैसे नहीं लौटाए। पुलिस ने मोबाइल फोन धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पैसों के विवाद में महिला से मारपीट, सोने की चेन गिरी
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में 19 नवंबर की रात पैसों के विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। अवंति विहार निवासी एन ऐश्वर्या की शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला ने 15 लाख रुपये लेने और सैफ नवाज की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए उनसे विवाद किया। इस दौरान गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए झूमाझटकी की गई। घटना के दौरान प्रार्थिया के गले में पहनी सोने की चेन गिर गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2), 115(2) और 356 के तहत मामला दर्ज किया है।
नाइट्रोजेपम की 230 प्रतिबंधित गोलियां जब्त, दो गिरफ्तार
तेलीबांधा पुलिस ने मुक्तिधाम के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब 9.56 बजे आरोपियों के पास से नाइट्रोजेपम और नाइट्रोसन की 23 पत्तियां बरामद की गईं। इनमें कुल 230 गोलियां थीं, जिनकी कीमत 1,040 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दवाइयां जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22(ख) के तहत अपराध दर्ज किया है।
