मुख्य सामग्री पर जाएँ
Friday, 20 November 2026

हम खबर बनाते नहीं, बताते हैं...

ई-पेपर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में चार IAS अधिकारियों को पदोन्नति, सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव

इम्पेक्ट न्यूज़। रायपुर, 19 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति देने के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के 19 नवंबर 2026 के दो अलग-अलग आदेशों के अनुसार वर्ष 1997 बैच के सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (एपेक्स वेतनमान) तथा वर्ष 2002 बैच के डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया गया है। अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं उनके वर्तमान दायित्वों के अनुरूप निर्धारित की गई हैं।

सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव वेतनमान

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/447/2026-GAD-2 के अनुसार 1997 बैच के दोनों अधिकारियों को एपेक्स वेतनमान, पे मैट्रिक्स लेवल-17 में उनके कार्यभार ग्रहण की तिथि से पदोन्नत किया गया है।

सुबोध कुमार सिंह: मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के पद पर कार्यरत सुबोध कुमार सिंह को अपर मुख्य सचिव, माननीय मुख्यमंत्री के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अध्यक्ष तथा नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन के प्रमुख आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

निहारिका बारिक: गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को पदोन्नति के बाद अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।

डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह बने प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/557/2026-GAD-2 के तहत वर्ष 2002 बैच के दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव वेतनमान, पे मैट्रिक्स लेवल-15 में उनके कार्यभार ग्रहण की तिथि से पदोन्नत किया गया है।

डॉ. रोहित यादव: वित्त विभाग के सचिव तथा जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत डॉ. रोहित यादव को प्रभारी प्रमुख सचिव, वित्त विभाग एवं अतिरिक्त प्रभार प्रभारी प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग तथा अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति के पद पर पदस्थ किया गया है।

डॉ. कमलप्रीत सिंह: स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह को पदोन्नति के बाद प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।

केंद्र सरकार ने निर्धारित की थीं दो-दो रिक्तियां

दोनों आदेशों में भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली के 13 अक्टूबर 2026 के पत्र का उल्लेख है। इस पत्र के आधार पर प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो-दो रिक्तियां निर्धारित की गई थीं।

राज्य सरकार ने सभी चारों अधिकारियों को पदोन्नति के बाद उनके नाम के सामने उल्लिखित पदों पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ करने के निर्देश दिए हैं। दोनों आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए हैं।

टैग: