इम्पेक्ट न्यूज। सुकमा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केन्द्र, रायपुर) तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर) द्वारा सुकमा जिले के लिए आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान एवं कृषि सलाह बुलेटिन जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में 18 से 22 नवम्बर 2026 के दौरान आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक घने बादल छाए रहने तथा 21 एवं 22 नवम्बर को भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में नमी (आर्द्रता) 50 से 95 प्रतिशत के मध्य रहेगी तथा उत्तर एवं उत्तर-पूर्व दिशा से 2 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। संभावित भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
किसानों को सलाह दी गई है कि यदि धान की फसल कटाई की अवस्था में है, तो उसकी शीघ्र कटाई कर सुरक्षित व ढके हुए स्थान पर भण्डारण करें और कटी हुई उपज को खुले खेत में न छोड़ें। साथ ही, तेज हवा और बारिश की आशंका के चलते धान को मंडी ले जाने की यात्रा फिलहाल स्थगित रखने तथा मौसम और परिवहन व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही उपज मंडी ले जाने का परामर्श दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, रबी फसलों जैसे गेहूं, चना, सरसों की बुवाई तथा सब्जियों की रोपाई को आगामी 3 से 4 दिनों तक टालने और मौसम साफ होने पर ही बुवाई करने को कहा गया है। कृषि बुलेटिन में फसलों के बेहतर प्रबंधन हेतु खेतों में उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बारिश के दौरान किसी भी प्रकार के कीटनाशक या नींदानाशक का छिड़काव न करने की हिदायत दी गई है। अरहर की फसल में मिट्टी चढ़ाने का कार्य करने तथा सिंचाई व निराई-गुड़ाई रोकने की सलाह दी गई है।
वहीं, सब्जी व फल उत्पादक किसानों को टमाटर, केला और लता वाली सब्जियों को गिरने से बचाने के लिए सहारा (स्टेकिंग) देने एवं पपीता व गोभी वर्गीय फसलों के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने को कहा गया है। पशुपालकों एवं मुर्गीपालकों को भी तेज हवा, बारिश और ठंड से पशुओं के बचाव हेतु उन्हें सुरक्षित व सूखे शेड में रखने, पशुशाला में जल निकासी व सूखे बिछावन की व्यवस्था करने तथा स्वच्छ पेयजल व सूखा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नवजात बछड़ों, मेमनों और बकरी के बच्चों की विशेष देखभाल करने को कहा गया है। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे नियमित मौसम पूर्वानुमान एवं त्वरित कृषि सलाह प्राप्त करने के लिए श्मौसम सीजीश् (मेघदूत) मोबाइल ऐप पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
