इम्पेक्ट न्यूज। नारायणपुर। ’शिविरों में आधार कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निर्वाचन एवं बैंक खाते से संबंधित आवेदनों का किया गया निराकरण’
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुशासन एक्सप्रेस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इसी क्रम में अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम गोमे एवं कोंगे में आयोजित सुशासन एक्सप्रेस शिविरों में ग्रामीणों ने विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम कोंगे में आधार कार्ड से संबंधित 10, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 7, निर्वाचन संबंधी फॉर्म-6 के 3 तथा बैंक खाते से संबंधित 1 आवेदन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार ग्राम गोमे में आधार कार्ड के 12, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 3, निर्वाचन संबंधी फॉर्म-6 के 2 तथा बैंक खाते से संबंधित 1 आवेदन प्राप्त हुआ।
इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण निराकरण किया गया।
सुशासन एक्सप्रेस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड निर्माण एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू), श्रम कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, किसान कार्ड, नरेगा जॉब कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि ई-केवाईसी, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अलावा लर्निंग लाइसेंस, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी), दिव्यांगता सर्वेक्षण, निर्वाचन संबंधी फॉर्म-6, नवीन ऋण धनादेश का वितरण, कृषि यंत्रों से संबंधित सेवाएं, अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं बैंक खाता खोलने जैसी सेवाएं भी शिविर के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य अबूझमाड़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत ऐसे लोगों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, जो भौगोलिक परिस्थितियों एवं आवागमन की कठिनाइयों के कारण आवश्यक दस्तावेज बनवाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते हैं।
विशेष रूप से आधार एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों से वंचित ग्रामीणों तथा आश्रम-छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को इन शिविरों के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है।
जाटलूर एवं कुड़मेल में भी सुशासन एक्सप्रेस शिविर का आयोजन जारी है। इसके साथ ही आगामी दिनों में लंका, भटवाड़ा (भैरमगढ़), चेरपाल एवं तुमनार सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित ग्रामों के साथ आसपास के गांवों के ग्रामीणों को भी शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल से अबूझमाड़ के दूरस्थ अंचलों में शासन की सेवाएं सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं। कच्छप/सुरेश्वर/926
’
