इम्पेक्ट न्यूज। बालोद। राजनांदगांव और महासमुंद को छोड़ा पीछे
छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीतियों और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था के परिणामस्वरूप बालोद जिले ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। धान खरीदी के शुरुआती दिनों में बालोद जिला प्रदेश में अपना प्रथम स्थान बरकरार है। 17 नवंबर 2026 की स्थिति में जिले में कुल 11,110 टन धान का उपार्जन किया जा चुका है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी 161 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। किसानों की सुविधा, समय पर टोकन वितरण, व्यवस्थित खरीदी और लगातार निगरानी के लिए की गई तैयारियों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी से खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं बेहतर बनी हुई हैं और किसान आसानी से अपना धान बेच पा रहे हैं।
प्रदेश के प्रमुख जिलों में बालोद सबसे आगे
17 नवंबर 2026 की स्थिति में धान उपार्जन के आंकड़ों के अनुसार बालोद जिला 11,110 टन धान की खरीदी के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। वहीं राजनांदगांव जिला 10,734.04 टन के साथ दूसरे और महासमुंद जिला 9,460.40 टन धान उपार्जन के साथ तीसरे स्थान पर है। इस प्रकार बालोद जिले ने राजनांदगांव से 375.96 टन अधिक धान का उपार्जन कर अपनी बढ़त बनाई है।
बेहतर प्रबंधन और सतत निगरानी से मिली सफलता
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है। किसानों को टोकन प्राप्त करने से लेकर धान विक्रय तक किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बालोद जिले की यह उपलब्धि बेहतर प्रशासनिक समन्वय, समयबद्ध तैयारी और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने का परिणाम है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुगमता और निर्धारित नियमों के अनुरूप जारी रहे, ताकि किसानों को शासन की किसान हितैषी योजना का अधिकतम लाभ मिल सके। क्रमांक/1106/चन्द्रवंशी
