Health

रामानुजनगर में 07 दिवसीय नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू, गांव-गांव हो रही आंखों की जांच

इम्पेक्ट न्यूज। सूरजपुर। विकासखंड रामानुजनगर के सभी ग्रामों में मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के निर्देशन में सात दिवसीय विशेष नेत्र जांच अभियान सुरक्षा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच एवं उपचार कर रहें हैं तथा नेत्र रोगियों को चिन्हित कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

15 नवंबर तक किए गए सर्वेक्षण के आधार पर चिन्हित नेत्र रोगियों की 16 से 21 नवंबर तक नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा संबंधित ग्रामों में पहुंचकर स्क्रीनिंग एवं विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी बीमारियों की पहचान कर मरीजों को आवश्यक प्राथमिक उपचार एवं उचित परामर्श दिया जा रहा है।

ऑपरेशन योग्य मोतियाबिंद मरीजों को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में निःशुल्क ऑपरेशन एवं कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं गंभीर एवं जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जा रहा है।

जिला टीम द्वारा शिविर स्थलों का औचक निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग

अभियान की गुणवत्ता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सहायक नोडल अधिकारी मुकेश राजवाड़े एवं संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान पर्यवेक्षक अमित चौरसिया की टीम ने लगातार स्वास्थ्य शिविर स्थलों का निरीक्षण कर रही है। टीम द्वारा शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

अभियान के दूसरे दिन जिला टीम द्वारा पंचायत भवन लेडुवा, पंचायत भवन सुमेरपुर, टेलाईमुड़ा, गोविंदपुर, तेजपुर, कृष्णपुर, उप स्वास्थ्य केंद्र पोंड़ी, कमलपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवनगर में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया गया एवं आज देवनगर सेक्टर में 547 नेत्र रोगियों का जाँच और उपचार किया गया। इस दौरान शिविरों में स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, जांच व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय पर शिविर स्थलों में उपस्थित होकर जांच कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नेत्र रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति नेत्र संबंधी बीमारी के कारण उपचार से वंचित न रहे।

समाचार क्रमांक/1307

टैग: