मुख्य सामग्री पर जाएँ
Thursday, 26 November 2026

हम खबर बनाते नहीं, बताते हैं...

ई-पेपर पढ़ें
Bastar Division

एसएसआर-2026 के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की द्वितीय साप्ताहिक बैठक आयोजित

इम्पेक्ट न्यूज। दंतेवाड़ा। दावे एवं आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, अब तक 479 आवेदन प्राप्त

दंतेवाड़ा, 26 नवंबर 2026

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत आज संयुक्त जिला कार्यालय दंतेवाड़ा के भू-तल स्थित सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की द्वितीय साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दंतेवाड़ा द्वारा उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, विलोपित करने तथा संशोधन से संबंधित दावे एवं आपत्तियों की प्राप्ति और उनके निराकरण की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में भी अवगत कराया गया।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्ररूप-9, 10, 11, 11। एवं 11 B की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि 26 नवम्बर 2026 की स्थिति में प्ररूप-6 के अंतर्गत नाम जोड़ने के लिए कुल 128 आवेदन, प्ररूप-7 के अंतर्गत नाम विलोपित करने के लिए 63 आवेदन तथा प्ररूप-8 के अंतर्गत संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रविष्टियों के लिए 288 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 479 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बैठक में प्राप्त आवेदनों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। स.क्र/1250

टैग: