इम्पेक्ट न्यूज। जशपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जशपुर को 5 पुलों की सौगात,
15.61 करोड़ से होगा निर्माण
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर में आवागमन की दी जा रही सुविधा
जशपुरनगर 25 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में आवागमन को सुविधा जनक बनाने सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के अंतर्गत वर्ष 2026-27 बैच-I में छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जशपुर जिले के लिए 5 वृहद पुलों के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण पर कुल 15.61 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के पत्र दिनांक 06.11.2026 द्वारा प्रदेश में स्वीकृत 208 पुलों में जशपुर जिले के ये 5 पुल शामिल हैं। जिले में स्वीकृत कार्यों में विकासखंड फरसाबहार में तेलाईन से मोहनटोली मार्ग पर नाला पर 40 मीटर लंबा पुल 304.28 लाख रुपये की लागत से बनेगा। विकासखंड कुनकुरी में रानीकोम्बो से चाहतपारा मार्ग पर कपारी नाला पर 60 मीटर लंबा पुल 416.22 लाख रुपये की लागत से बनेगा, जो जिले का सबसे बड़ा पुल होगा।
विकासखंड पत्थलगांव में तीन पुल स्वीकृत हुए हैं, जिनमें पतराटोली-पकरीपारा मार्ग पर भरारी नाला पर 60 मीटर लंबा पुल 349.34 लाख रुपये, लुडेग सुरंगपानी-बरपानी मार्ग पर नाला पर 40 मीटर लंबा पुल 272.13 लाख रुपये तथा खरकटा-पंडरीपारा मार्ग पर नाला पर 32.40 मीटर लंबा पुल 219.73 लाख रुपये की लागत से बनेगा। इन पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में नालों के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी समाप्त होगी और ग्रामीणों को साल भर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इससे कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी। उक्त कार्यों को स्वीकृत राशि में ही पूर्ण किया जाएगा तथा तकनीकी स्वीकृति के पश्चात नियमानुसार कार्य प्रारंभ होगा। सं.क्र./2008/नूतन
