इम्पेक्ट न्यूज डेस्क। नई दिल्ली। भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के अपने प्रयासों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत के नौ महीने से भी कम समय में एचपीवी वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
यह उपलब्धि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। साथ ही, यह पूरे देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच को भी दर्शाती है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यह संख्या तय किए गए वार्षिक लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस साल फरवरी में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त में वैक्सीन की एक डोज दी जाती है। इसके लिए माता-पिता की सहमति जरूरी है।
रजिस्ट्रार जनरल आफ इंडिया के 2021 के जनसंख्या अनुमानों के अनुसार, इस वार्षिक लक्ष्य में लगभग 1.2 करोड़ लड़कियां शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि छह राज्यों गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने तय लक्ष्य के 100 प्रतिशत कवरेज को हासिल कर लिया है।
अन्य राज्यों में, असम ने 95.63 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया है। इसके बाद तेलंगाना (95.28 प्रतिशत), कर्नाटक (93.16 प्रतिशत) और उत्तराखंड (90.17 प्रतिशत) का स्थान है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान ने भी 80 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया है। यहां कवरेज क्रमशः 86.21 प्रतिशत और 85.23 प्रतिशत रहा है।
